देश की पहली किन्नर विधायक रहीं शबनम मौसी पर बधाई लेने के दौरान आभूषण छीनने का आरोप, पीड़ित ने थाने में दर्ज कराई शिकायत

अनूपपुर
 देश की पहली किन्नर विधायक रहीं शबनम मौसी पर एक गंभीर आरोप लगा है. शबनम मौसी पर आरोप है कि वो एक बच्चे के जन्म की बधाई लेने पहुंची थीं, जहां उन्होंने जबरदस्ती सोने के आभूषण छीन लिए. मंगलवार को हुए विवाद का एक वीडियो भी सामने आया है. पीड़ित ने चचाई थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है. शबनम मौसी ने इन आरोपों से इंकार किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बधाई लेने पहुंची शबनम पर आभूषण छीनने का आरोप

बापू चौक अमलाई के निवासी और अनूपपुर सब्जी मंडी व्यापारी राहुल कुमार सोनी ने अपनी शिकायत में बताया है कि "बुधवार को शबनम मौसी 8-10 लोगों के साथ पुत्र के जन्म की बधाई देने पहुंची थीं. उन्होंने बधाई देने के एवज में 21 हजार रुपए की मांग की. बधाई के रूप में मां ने सीधा (अन्न) और 1100 रुपए दिए, तो उन्होंने रुपए फेंक दिए और कहा 'बद्दुआ दे दी तो तेरा नाती नहीं रह पाएगा'.

See also  मध्य प्रदेश में मोंथा का असर: 10 जिलों में बारिश का अलर्ट, तापमान गिरेगा 8 डिग्री तक

इसके अलावा उन्होंने मां को डायन कहकर संबोधित किया और धमकी भी दी." राहुल का आरोप है कि "शबनम मौसी ने पत्नी के कान में पहने सोने के टॉप्स मांगे तो पत्नी ने डरकर उसे उतारकर रख लिए, लेकिन शबनम ने जबरदस्ती पत्नी से टॉप्स छीन लिया और लेकर चली गईं."
शबनम मौसी ने आरोप को बताया झूठ

ईटीवी भारत से बात करते हुए शबनम मौसी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को झूठ बताया है. उन्होंने कहा कि "उनके द्वारा रुपए की कोई मांग नहीं की गई थी, बल्कि बच्चे की मां ने अपनी मर्जी से कान के टॉप्स दिए हैं. डेढ़ महीने पहले राहुल ने 50 हजार रुपये उधार लिए थे और अभी तक नहीं दिए हैं."

वहीं, राहुल का कहना है कि शबनम से मैंने कोई उधार नहीं लिया है. वह किसी को उधार दे भी नहीं सकतीं. चचाई थाना प्रभारी सुंदरेश मरावी ने बताया कि "पूर्व विधायक शबनम मौसी के खिलाफ आभूषण छीनने की शिकायत मिली है. जांच जारी है और अभी इस मामले में कोई अपराध पंजीबद्ध नहीं हुआ है."

See also  ग्वालियर में मिली थी महिला की लाश, AI से स्कैच बनवाकर की पहचान