सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमोनी और बिल्हमा के बीच जंगल में युवक और युवती का कंकाल मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों 2020 से लापता थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और मौके पर पहुंचा। कंकाल के पास मिले कपड़ों और अन्य सामान के आधार पर स्वजन ने दोनों की पहचान की है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमोनी निवासी युवक विनोद कोरवा और युवती ज्योति कुमारी फरवरी 2020 में अचानक लापता हो गए थे। दोनों के एक साथ गायब होने के बाद परिवार के लोगों ने अपने स्तर पर लंबे समय तक खोजबीन की थी। ग्रामीणों के अनुसार दोनों पहले भी घर से भाग चुके थे, जिन्हें बाद में पुलिस ने खोजकर स्वजन को सौंप दिया था।
बताया जा रहा है कि लगातार तलाश के बावजूद जब दोनों का कोई सुराग नहीं मिला, तब युवक के पिता ने 13 मई 2023 को धौरपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद भी मामला अनसुलझा बना हुआ था। इधर शनिवार को ग्राम जमोनी और बिल्हमा के बीच स्थित जंगल में ग्रामीणों ने जमीन से बाहर निकला हुआ मानव कंकाल देखा। पास जाकर देखने पर वहां दो कंकाल जैसी स्थिति दिखाई दी।
इसकी सूचना तत्काल धौरपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया गया। घटनास्थल से मिले कपड़े, चप्पल और अन्य वस्तुओं को पुलिस ने जब्त किया।
बाद में लापता युवक और युवती के स्वजन को बुलाया गया, जिन्होंने कपड़ों के आधार पर दोनों की पहचान की। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और फोरेंसिक परीक्षण के लिए भेज दिया है। डीएनए जांच की प्रक्रिया भी कराई जा सकती है ताकि पहचान की औपचारिक पुष्टि हो सके।
जंगली सुअर के लिए बिछाए गए करंट तार से हादसे की आशंका
घटना के बाद ग्रामीणों के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल क्षेत्र में अक्सर जंगली सुअरों का शिकार करने के लिए अवैध रूप से करंट प्रवाहित तार बिछाए जाते हैं। आशंका व्यक्त की जा रही है कि संभवतः युवक और युवती ऐसे ही किसी तरंगित तार की चपेट में आ गए हों, जिससे उनकी मौत हो गई हो। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम, फोरेंसिक जांच और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
छह साल बाद खुला रहस्य
छह वर्ष बाद युवक और युवती का कंकाल मिलने से अब मौत का रहस्य खुलने की संभावना है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों के अचानक गायब होने के बाद तरह-तरह की चर्चाएं होती थीं, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि उनका अंत इस तरह हुआ होगा। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात भी कही जा रही है।धौरपुर पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।