लव मैरिज का अंत इतना दर्दनाक, कुकर के ढक्कन से पत्नी के सिर पर हमला, फिर बाथटब के पानी में घोंटा गला, सबूत मिटाने के लिए बहाया पानी, आरोपी पति गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से पति-पत्नी के रिश्ते को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. करीब नौ साल पहले हुई लव मैरिज का अंत इतना दर्दनाक होगा, यह किसी ने सोचा भी न था. कोतवाली नगर क्षेत्र में शालिनी यादव की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए उसके पति दिलीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पति पेशे से एक सरकारी शिक्षक है, जिसने बेहद शातिराना अंदाज में अपनी ही पत्नी की हत्या की पूरी साजिश रची थी.

पुलिस की तफ्तीश में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से गंभीर विवाद चल रहा था. विवाद से तंग आकर आरोपी दिलीप कुमार ने शालिनी को रास्ते से हटाने का मन बना लिया था. वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपी ने बेहद चालाकी से अपने 7-8 साल के मासूम बच्चे को उसकी नानी के घर छोड़ दिया, ताकि वारदात के समय कोई प्रत्यक्षदर्शी न रहे. इसके बाद वह वापस अपने किराए के मकान पर पहुंचा और सही मौके की तलाश करने लगा.

See also  अयोध्या में धर्म ध्वज स्थापना करेंगे प्रधानमंत्री मोदी, सुरक्षा कवच होगा अभेद्य

 

8 अगस्त की सुबह करीब 5:15 बजे जब शालिनी घर के आंगन में बर्तन धो रही थी, तभी पीछे से दिलीप ने हमला कर दिया. आरोपी ने एल्युमिनियम के भारी कुकर के ढक्कन से शालिनी के सिर पर पीछे से लगातार तीन जोरदार वार किए. सिर में गंभीर चोट लगते ही शालिनी लहूलुहान होकर बेहोश हो गई. इसके बाद भी आरोपी का दिल नहीं पसीजा. उसने बेहोश पत्नी को उठाकर पानी से भरे प्लास्टिक के बाथटब में डाल दिया और उसकी गर्दन को पानी के भीतर तब तक दबाए रखा, जब तक कि उसकी सांसें नहीं थम गईं.

 

हत्या के बाद आरोपी ने मामले को हादसे की शक्ल देने और सबूत मिटाने की पूरी कोशिश की. उसने बाथटब का पूरा पानी बहा दिया, जिससे खून के धब्बे और छींटे पानी के साथ बह गए. इसके बाद वह अपनी मोटरसाइकिल उठाकर ‘मॉर्निंग वॉक’ का नाटक करने निकल गया ताकि किसी को उस पर शक न हो. वापस लौटने के बाद आरोपी ने अपने भाइयों को फोन कर बुलाया और यह मनगढ़ंत कहानी बनाई कि शालिनी चक्कर खाकर गिर गई है और उसे चोट लग गई है. शालिनी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. आरोपी शव को वापस किराए के घर ले आया और हादसे का रूप देने की कोशिश करता रहा.

See also  चुनाव आयोग का ऐतिहासिक कदम: 474 राजनीतिक दलों का रजिस्ट्रेशन रद्द, वजह क्या?

 

पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा, आरोपी गिरफ्तार

मामले की भनक मिलते ही शालिनी के पिता ने पुलिस में तहरीर दी. पुलिस अधीक्षक (SP) अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की, तो सरकारी शिक्षक पति की झूठी कहानी का भंडाफोड़ हो गया.

पुलिस ने आरोपी दिलीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल एल्युमिनियम का कुकर का ढक्कन, टूटे कांच के टुकड़े, प्लास्टिक का बाथटब, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद कर ली गई है. आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है और पुलिस मामले की अग्रिम विवेचना में जुटी है.