बालोद में बेटे की मौत का सदमा नहीं सह पाया पिता, पेड़ में फांसी लगाकर कर ली आत्महत्या, पुरे गाँव में शोक का माहौल

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक भावुक और दुखद घटना सामने आई है, जहां बेटे की मौत के सदमे से उबर नहीं पाए एक पिता ने आत्महत्या कर ली। यह मामला बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम खल्लारी का है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय नामदेव साहू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उनके 17 वर्षीय बेटे वेदप्रकाश की करीब तीन महीने पहले अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। बताया गया कि उस समय वेदप्रकाश मोबाइल देख रहा था, तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और उसकी जान चली गई।

 

बेटे की असमय मौत के बाद से ही नामदेव साहू गहरे सदमे में थे। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, इस घटना के बाद उनका मानसिक संतुलन भी प्रभावित हो गया था और वे अक्सर परेशान रहते थे। शनिवार सुबह करीब 9 बजे गांव के पथर्री तालाब के पास स्थित एक पीपल के पेड़ पर नामदेव का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई की और शव को नीचे उतारकर जिला अस्पताल की मर्च्युरी में भेजा गया। बाद में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

See also  Bharatiya Mazdoor Sangh के नेतृत्व में वाहन रैली, Geeta Soni ने बुलंद की परिवहन कर्मियों की आवाज

 

बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि परिजनों के अनुसार मृतक पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्थिर थे और बेटे की मौत के बाद से गहरे तनाव में थे। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। दोपहर में ग्राम खल्लारी में मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग इसे बेहद दुखद घटना बता रहे हैं। यह घटना पारिवारिक दुख और मानसिक स्थिति के प्रभाव को दर्शाती है, जहां एक पिता अपने बेटे की मौत का दर्द सहन नहीं कर सका।