मानवता शर्मसार : मोबाइल चोरी के शक में 10 साल के बच्चे बिजली के पोल से बांधकर पिटाई

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में एक मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, यहां एक 10 साल के बच्चे को मोबाइल चोरी के शक में कई घंटों तक बिजली के पोल से बांधकर पीटा गया, जब दर्द से तड़पते बच्चे ने पानी मांगा तो उसके मुंह में मिर्च डाल दी गई. हैरानी की बात ये है कि जब यह तालिबानी सजा दी जा रही थी, तो वहां मौजूद लोग 10 वर्षीय बच्चे को बचाने के बजाय मोबाइल पर वीडियो बना रहे थे. सोशल मीडिया पर जब यह वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस एक्शन में आई और फिर आरोपियों की धरपकड़ की कवायद तेज हुई

मामला आजमगढ़ जिले के बरदह इलाके के हदिसा गांव का है, गांव के निवासी रामकेश राम ने तहरीर दी है कि चार दिन पहले 10 साल का बेटा गायब हो गया था. ढूंढने पर पता चला कि गांव के रामआसरे राम, संजय राम, सुरेन्द्र राम और विजयी राम मोबाईल चोरी के आरोप में पकड़ कर तीन घंटे तक पिटाई की. पिता का आरोप है कि जब बेटा दर्द से तड़प रहा था तो उसने पीने के लिए पानी मांगा तो आरोपियों ने उसके मुंह में मिर्च डाल दी. उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि वहां मौजूद लोगों ने बच्चे को छुड़ाने का प्रयास भी नहीं किया बल्कि उसका वीडियो बनाते रहे.

See also  उपराष्ट्रपति धनखड़ ने गोरखपुर में सैनिक स्कूल का लोकार्पण किया

घटना की शिकायत जब पुलिस अधीक्षक कार्यालय को की गई तो संबंधित थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया. एसपी सिटी ने बताया कि नाबालिग बच्चे के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति सुरेंद्र को गिरफ्तार किया है. वहीं मौजूद लोगों के खिलाफ भी 120 B के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी. इस घटना ने मानवता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर क्यों अन्य ग्रामीण बच्चे को बचाने के बजाए उसे पिटता देखते रहे, क्यों इस मामले की सूचना स्थानीय़ पुलिस को नहीं की गई. (Agency)