देखते ही देखते 100 घर स्वाहा, एक-एक कर फटे कई सिलेंडर, मचा अफरा तफरी,

बिहार के भागलपुर में गुरुवार की आग लगने से 100 से अधिक घर जल गए. कहा जा रहा है कि एक-एक कर दो से तीन सिलेंडर फटे हैं जिसकी वजह से यह घटना हुई है. पूरा मामला तिलकामांझी थाना क्षेत्र के सच्चिदानंद नगर का है. शाम छह बजे के आसपास की यह घटना है. पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.

स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी घर में पहले रसोई गैस सिलेंडर फटा. इसके बाद एक-दो और सिलेंडर के फटने जैसी आवाज आई. देखते-देखते 100 से 150 घर इसकी चपेट में आ गए. इसमें कुछ पक्के मकान हैं तो कुछ फूस के भी हैं. आग लगने के बाद अफरातफरी मच गई. लोग जान बचाकर घरों से बाहर निकलकर भागे. सारा सामान जल गया. कोई खुद भागा तो कोई बच्चों को लेते हुए भागा.

मौके पर पहुंचीं छह गाड़ियां

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम छह गाड़ियों के साथ पहुंची. पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर किसी तरह काबू पाया गया. घटनास्थल पर तिलकामांझी थाने की पुलिस, कोतवाली थाने की पुलिस, औद्योगिक थाना क्षेत्र की पुलिस भी पहुंची. हालांकि कितने सिलेंडर फटे हैं या आग कैसे लगी है इस पर प्रशासन का कोई बयान नहीं आया है.

See also  क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 भारतीय विश्वविद्यालयों के प्रदर्शन की सराहना देश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया : पीएम मोदी

घटनास्थल पर जायजा लेने पहुंचे एसडीएम धनंजय कुमार ने बताया कि घटना में कई दर्जन घरों को क्षति पहुंची है. आग पर काबू पाने के बाद हम लोग देखेंगे कि कितने घरों को क्षति हुई है. सीओ भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं. वह अपनी टीम के साथ सर्वे कर लेंगे, उस हिसाब से पीड़ित परिवार को 24 से 48 घंटे के अंदर मुआवजा दे दिया जाएगा.