छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस में बदले गए 4 जिलाध्यक्ष, जांजगीर जिला का नाम भी शामिल

JJohar36garh News|कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के संगठन में बड़ा बदलाव किया है। विभिन्न निगम-मंडलों में जगह पा चुके 8 पदाधिकारियों की प्रदेश कांग्रेस समिति (PCC) के पदों से छुट्‌टी कर दी गई है। वहीं, 4 जिलाध्यक्षों को भी बदल दिया गया है। यह संकेत पहले ही दिए जा चुके थे, ऐसे लोगों की संगठन से छुट्‌टी होगी।

अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शनिवार शाम नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए। इसके मुताबिक, PCC उपाध्यक्ष पद से गिरीश देवांगन, अटल श्रीवास्तव, भानु प्रताप सिंह और पद्मा मनहर की छुट्‌टी कर दी गई है। उनकी जगह पर अरुण सिंघानिया, पीआर खुंटे, अम्बिका मरकाम और वाणी राव को उपाध्यक्ष बनाया गया है।

महासचिव के तीन पदों से भी नेताओं की अदला-बदली हुई है। द्वारिका प्रसाद यादव, उत्तम वासुदेव और पंकज शर्मा को महासचिव पद से हटाकर वासुदेव यादव, अमरजीत चावला और सुमित्रा धृतलहरे को यह जिम्मेदारी दी गई है। भिलाई शहर का कांग्रेस अध्यक्ष अब मुकेश चंद्राकर को बनाया गया है। वे तुलसी साहू की जगह लेंगे।

See also  Big Breaking News : पामगढ़ के सैनिक पुत्र की महासमुंद में सड़क दुर्घटना के बाद रायपुर में मौत

कोरबा ग्रामीण से मोहित केरकेट्‌टा को हटाकर सुरेंद्र जायसवाल को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, बिलासपुर में विजय केशरवानी की जगह विजय पांडेय को जिलाध्यक्ष बना दिया गया है। लंबे समय से विवादों में रहे जांजगीर-चांपा के जिलाध्यक्ष चोलेश्वर चंद्राकर की कुर्सी भी हिल गई है। वहां अब राघवेंद्र सिंह को नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है। बताया जा रहा है, इस बदलाव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत की बड़ी भूमिका है।

कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष की कुर्सी भी बदल दी है। कई वर्षों से यह जिम्मेदारी संभाल रहे शैलेश नितिन त्रिवेदी की जगह अब सुशील आनंद शुक्ला इस विभाग के मुखिया होंगे। शुक्ला अभी तक PCC के मुख्य प्रवक्ता की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।