मस्तूरी में दर्दनाक हादसा, खून से सड़क हुई लाल, 4 लोगों की गई जान 

बिलासपुर जिले में शुक्रवार को सड़क हादसे में जान गंवाने वालो की संख्या 4 हो गई है, सुबह माजदा और ट्रेलर की टक्कर में दो लोगो की मौत के बाद 11 बजे के लगभग फिर एक सड़क हादसा हुआ है जिसमें बोलेरो और बाइक में आमने सामने टक्कर हुई है जहाँ बाइक सवार दो युवको की मौत हो गई है। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है।

टीआई रवींद्र कुमार अनंत ने बताया कि ग्राम डोड़की में रहने वाला धनराज कुशल उर्फ आयुष (17) स्कूल का छात्र था। वह गांव के ही अपने दोस्त रणवीर मरकाम उर्फ शानू (15) के साथ बाइक से मस्तूरी में आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए निकला था। अभी उनकी बाइक मल्हार रोड पर टिकारी के पास पहुंची थी। उसी समय सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बोलेरो की टक्कर से दोनों छात्र बाइक समेत 10 फीट उछलकर सड़क से दूर खेत में जा गिरे। इस हादसे में दोनों छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, बाइक को टक्कर मारने के बाद बोलेरो भी सड़क से दूर नाले में उतर गई। पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त बोलेरो में परिवार भी सवार था। इस हादसे में बोलेरो सवार परिवार को भी चोटें आईं। लेकिन, बाइक चला रहे युवक की हालत देख डर के कारण घायल परिवार के लोग बोलेरो छोड़ कर चले गये. पुलिस जब्त बोलेरो के बारे में जानकारी जुटा रही है.

See also  लॉक डाउन में शादी पड़ी महंगी, रजगामार पुलिस ने किया अपराध दर्ज़

दूसरी घटना तड़के सुबह वेद परसदा से फ्लाई एस ब्रिक्स लेकर बिलासपुर की ओर जा रही माजदा फोरलेन पर लावर खनिज चौकी के पास खड़ी ट्रेलर के पीछे से जा टकराई जिससे माजदा चालक और हेल्पर की मौत हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार माजदा क्रमांक CG10 AJ 7161 को चालक महेंद्र साहू पिता भारत साहू उम्र 29 वर्ष निवासी वेदपरसदा अपने हेल्पर रविन्द्र साहू पिता अर्जुर साहू उम्र 19 वर्ष और एक अन्य टिगेश कुमार मरावी पिता जनक राम उम्र 28 वर्ष निवासी वेदपरसदा के साथ फ्लाई एस ब्रिक्स लेकर शुक्रवार की सुबह मस्तूरी की ओर से बिलासपुर की ओर आ रहे थे, सुबह लगभग 6:30 बजे मस्तूरी से लावर के बीच फोरलेन सड़क पर खनिज चौकी के पास सड़क पर खड़ी ट्रेलर क्रमांक CG10 BH-7285 से ओवरटेक करते हुए जा टकराए, जिससे दोनों ही वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, वही माजदा चालक, हेल्पर और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसे सूचना पर मौके में डायल 112 की टीम द्वारा मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया, जहाँ चालक महेंद्र साहू और हेल्पर रविन्द्र साहू की मौत हो गई, वही तीसरा गंभीर रूप से घायल है जिसका उपचार जारी है। मामले में मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है वही दोनों क्षतिग्रस्त माजदा और ट्रेलर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

See also  रावतपुरा-इंडेक्स घूसकांड में CBI का शिकंजा, रविशंकर महाराज समेत कई बड़े नाम घेरे में