चंदेरी में पिता ने अपने दो मासूम बच्चों को पैर बांधकर उल्टा लटकाया और बेहरमी से पीटा

अशोकनगर
 मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के चंदेरी कस्बे में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक शख्स ने अपने दो मासूम बच्चों को पैरों में कपड़ा बांधकर उल्टा लटका दिया और उन्हें बुरी तरह पीटा।

मासूम बेटा-बेटी चीखते हुए दया की भीख मांगते रहे, लेकिन निर्दयी पिता का दिल नहीं पसीजा। इतना ही नहीं, उसने दोनों को पीटने का वीडियो भी बनाया और अपनी पत्नी को भेज दिया, जो ललितपुर में रहती है। मां ने जब यह वीडियो देखा तो उसके होश उड़ गए।

महिला ने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत की। पुलिस आरोपित के घर पहुंची और बच्चों का उसके चंगुल से छुड़ाकर मां को सौंप दिया। आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीटे जाने की वजह से बच्चों के शरीर पर निशान पड़ गए।

पुलिस ने बच्चों को किया रेस्क्यू

अशोक नगर पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार जैन ने बताया कि चंदेरी में रहने वाले भगवान दास परिहार द्वारा अपने दोनों बच्चों के साथ मारपीट करने एवं उन्हें उल्टा लटकाए जाने के वीडियो मिले थे। शिकायत के बाद चंदेरी पुलिस उक्त व्यक्ति के घर पहुंची और वहां से बच्चों को रेस्क्यू कर उनके पिता के खिलाफ मारपीट की धाराओं एवं बच्चों के साथ क्रूरता बरतने पर किशोर न्याय अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

See also  संभागीय उपायुक्त ने प्रभारी प्राचार्य उदय नारायण सिंह को किया निलंबित

अलग रहती है पत्नी

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि भगवानदास की पत्नी उसे छोड़ कर ललितपुर में अपने पहले पति के बच्चों के साथ रहती है। भगवान दास के साथ उसकी यह दूसरी शादी थी। जिन बच्चों के साथ मारपीट की गई है, वे भगवानदास के ही हैं।

बच्चों को खिला रहा था खाना

पुलिस जब भगवानदास परिहार के घर पहुंची। उस समय वह बच्चों को अपने हाथ से खाना खिला रहा था। अकेला होने की वजह से भोजन वही बनाता है। पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाने ले आई। यहां भगवानदास ने बताया कि वह बच्चों से बहुत प्यार करता है। पत्नी उससे अलग रहती है। पत्नी को साथ रहने के लिए समझाने की कोशिश में उसने ऐसा किया।

पुलिस ने बच्चों से पूछा कि वे किसके पास रहना चाहते हैं तो उन्होंने मां के पास रहने की बात कही। इस पर उन्हें मां के साथ भेज दिया गया।

 

See also  सौर ऊर्जा में मध्यप्रदेश की प्रगति: 30% से ज्यादा हरित बिजली, 2030 तक 20 GW का लक्ष्य