पुणे में तेंदुए के हमले से हड़कंप, महिला की मौत से स्थानीय लोगों में रोष

पुणे
पुणे के जुन्नर तालुका के पिंपरी पेंढार इलाके में बुधवार तेंदुए के हमले से एक बार फिर दहशत का माहौल है। आज सुबह करीब 5:30 बजे पीर पाट इलाके में तेंदुए ने 42 वर्षीय एक महिला पर हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। यह पहली घटना नहीं है जब इस क्षेत्र में तेंदुए ने हमला किया है। इससे पहले भी तेंदुए ने कई बार बच्चों पर हमले किए हैं, इससे लोगों में भय का माहौल है। इस बार की घटना के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। स्थानीय लोगों की प्रशासन से मांग है कि “या तो हमें गोली मार दो या तेंदुए को गोली मारो”। तेंदुए के लगातार हमलों से स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। लोग अपने घरों से निकलने में डर रहे हैं। किसान खेतों में जाने से कतरा रहे हैं। इस समस्या के समाधान के लिए प्रशासन को तत्काल कदम उठाने की आवश्यकता है।

See also  गरीब रथ एक्सप्रेस में बड़ा हादसा टला, इंजन में आग लगने पर लोको पायलट ने दिखाई सूझबूझ

इससे पहले पुणे में ही तेंदुए ने शौच के लिए जा रहे एक बच्चे पर हमला कर दिया था। इस घटना को लेकर जुन्नर क्षेत्र के उप वन संरक्षक अमोल सतपुते ने बताया था कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि जब बच्चा शौच के लिए गया था, तो उस दौरान तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसे खेतों के अंदर ले गया। बाद में बच्चे का शव मिला, जिस पर गंभीर घाव थे।

आपको बताते चलें इन दिनों देश के विभिन्न हिस्सों में भेड़िया, तेंदुए और सियार के हमलों की कई घटनाएं सामने आई हैं। इन हमलों में अनेक लोग अपनी जान गवा चुके हैं और कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सरकार इन घटनाओं को गंभीरता से ले रही है और वन विभाग के माध्यम से लगातार उपाय किए जा रहे हैं। हालांकि, इसके बाद भी इन हमलों में कमी नहीं आ रही है।

See also  उत्तर प्रदेश में निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण की प्रक्रिया हुई सरल, आधार और 90 दिन कार्य अनुभव पर्याप्त