बिलासपुर मंडल में अग्नि सुरक्षा जागरूकता एवं फायर फाइटिंग प्रशिक्षण अभियान जारी

रेल यात्रियों, रेल संपत्तियों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल के संरक्षा विभाग द्वारा मंडल के विभिन्न स्टेशनों, लॉबी, रनिंग रूम, ट्रेनों के पैंट्री कार तथा अन्य महत्वपूर्ण कार्यस्थलों पर व्यापक अग्नि सुरक्षा जागरूकता एवं फायर फाइटिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

इस अभियान के अंतर्गत स्टेशन स्टाफ, रनिंग स्टाफ, लॉबी एवं रनिंग रूम कर्मचारियों, संविदा (Contractual) सफाई कर्मियों, पैंट्री कार स्टाफ तथा अन्य संबंधित कर्मचारियों को आग लगने की संभावित परिस्थितियों की पहचान, आग की रोकथाम (Prevention of Fire), प्रारंभिक अग्निशमन उपायों एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन यंत्रों (Fire Extinguishers) के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन (Demonstration) किया गया। प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार की आग के अनुसार उपयुक्त अग्निशमन यंत्र के चयन एवं संचालन की विधि समझाई गई तथा उन्हें स्वयं अग्निशमन यंत्र चलाकर अभ्यास करने का अवसर भी प्रदान किया गया।इसके अतिरिक्त विभिन्न कार्यालयों, लॉबी, रनिंग रूम, पैंट्री कार एवं अन्य परिसरों में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों की स्थिति, वैधता एवं कार्यशीलता की भी जांच की गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।

See also  18 साल की उम्र पर बेटियों को मिलेंगे ₹1.5 लाख, जाने 10 बातें, छत्तीसगढ़ बजट में बड़ी सौगात

संरक्षा विभाग द्वारा कर्मचारियों को यह भी बताया गया कि ट्रेनों एवं रेलवे परिसरों में आग की घटनाओं को रोकने हेतु विद्युत उपकरणों का सुरक्षित उपयोग, ज्वलनशील पदार्थों के उचित रख-रखाव, धूम्रपान निषेध नियमों के पालन तथा सुरक्षा मानकों का अनुपालन अत्यंत आवश्यक है।

बिलासपुर मंडल का यह प्रयास कर्मचारियों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने तथा रेल संचालन को और अधिक सुरक्षित एवं संरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। रेलवे प्रशासन सभी कर्मचारियों एवं यात्रियों से अग्नि सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने तथा किसी भी असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील करता है।