सक्ती जिला अस्पताल परिसर में महिला एल्डरमैन और महिला सफाईकर्मी के बीच हाथापाई, वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिला अस्पताल परिसर में शनिवार को सफाई व्यवस्था को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गया। नवनिर्वाचित महिला एल्डरमैन और महिला सफाईकर्मी के बीच हुए इस विवाद से अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग कराया।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना का किसी व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में दोनों पक्षों ने सक्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वार्ड क्रमांक 18 निवासी सुशीला गबेल, जो हाल ही में एल्डरमैन निर्वाचित हुई हैं, शनिवार को अपने निजी कार्य से जिला अस्पताल पहुंची थीं। इस दौरान अस्पताल परिसर में गंदगी देखकर उन्होंने वहां मौजूद महिला सफाईकर्मियों से सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

See also  प्रशासन ने अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाई, 3 जेसीबी और 4 हाईवा वाहन जब्त

बताया जा रहा है कि, बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज होने लगी। इसके बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों ने तत्काल हस्तक्षेप कर विवाद शांत कराया। हालांकि, कुछ देर बाद जिला अस्पताल के बाहर भी दोनों पक्षों के बीच दोबारा विवाद होने की बात सामने आई, जिसे लोगों ने शांत कराया।

इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। विवाद का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामला और चर्चा में आ गया है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने सक्ती थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सक्ती थाना प्रभारी लखन पटेल ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। पुलिस वायरल वीडियो समेत मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

See also  गुरु श्री तेगबहादुर सिंह जी ने धर्म की रक्षा के लिए दी अपनी शहादत : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

वहीं, सीएमएचओ डॉ. पूजा अग्रवाल ने बताया कि, जिला अस्पताल परिसर में विवाद की जानकारी मिली है। सोमवार को दोनों पक्षों से घटना के संबंध में जानकारी ली जाएगी। इसके बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।