जोंक नदी के पुराने पुल पर कार-बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, दोनों वाहन नदी में गिरे, एक की मौत, एक लापता

महासमुंद जिला के सांकरा थाना क्षेत्र में रविवार को जोंक नदी के पुराने पुल पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कार और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन पुल से नीचे नदी में जा गिरे। हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक के नदी में बह जाने की जानकारी सामने आई है और उसकी तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सांकरा बस्ती से बल्दीडीह की ओर जा रही वैगनआर कार की विपरीत दिशा से आ रही बाइक क्रमांक CG 06 HD 3580 से टक्कर हुई। हादसे के बाद दोनों वाहन सवारों सहित पुराने पुल से नीचे नदी में जा गिरे। बताया गया है कि कार में राजकुमार निषाद, मुकेश बारीक, रोशन चौहान और सुनील जगत सवार थे। इनमें से राजकुमार निषाद (42), पिता तेजराम निषाद, निवासी दूधिपाली की नदी में डूबने से मौत हो गई। वहीं मुकेश बारीक, रोशन चौहान और सुनील जगत को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इधर बाइक पर भी तीन लोग सवार बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार बाइक चालक भगीरथी साहू (55), पिता मयाराम साहू, निवासी बारनवापारा हादसे के बाद से लापता हैं। वहीं विशाली साहू, निवासी ग्राम गबौद, चौकी बार, बलौदाबाजार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही सांकरा पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। नदी में गिरे लोगों को बाहर निकालने के साथ ही लापता भगीरथी साहू की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल रेस्क्यू टीम द्वारा नदी में लापता बाइक चालक की तलाश जारी है।
See also  पामगढ़ : गिट्टी से भरी खड़ी ट्रैक्टर को कैप्सूल ने जबरदस्त मारी ठोकर, चालक घायल, टला बड़ा हादसा