छत्तीसगढ़ : मौसम विभाग ने सतर्क रहने की दी चेतावनी, हो सकती है ओलावृष्टि

JJohar36garh News|छत्तीसगढ़ में शनिवार को भी एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। पाकिस्तान के ऊपर बने एक सिस्टम से राजस्थान में एक चक्रवाती घेरा बना है। यह पूर्व की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से अरब सागर से नमी आ रही है। वहीं मध्य भारत में बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। ऐसे में 8 जनवरी को भी एक-दो स्थानों पर बेहद हल्की बारिश होने का अनुमान है।

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मध्य पाकिस्तान के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ स्थित है। इसके प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उससे लगे पाकिस्तानी इलाके में ऊपरी हवा का एक चक्रीय चक्रवाती घेरा बना हुआ है। इसके कारण अरब सागर से बहुत अधिक नमी आ रही है। निम्न स्तर पर ही मध्य भारत में बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। इसके प्रभाव से मौसम बदल रहा है।

See also  रायपुर में होगा राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन और सहकार संकल्प दौड़ का भव्य आयोजन

8 जनवरी को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की बारिश होने और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। 9 से 11 जनवरी को प्रदेश के मध्य और उत्तर क्षेत्र में कई जगहों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने का अनुमान है। 11 जनवरी को एक-दो जगहों पर विपरीत हवाओं के टकराने से ओलावृष्टि भी हो सकती है। बारिश होगी तो अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी। न्यूनतम तापमान में बहुत परिवर्तन नहीं होगा।

पश्चिमी विक्षोभ और उससे बना मौसमी तंत्र शुक्रवार को सक्रिय हुआ। मौसम विभाग ने बताया कि 7 जनवरी को दक्षिण अफगानिस्तान के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ बना था। उसके साथ ही पाकिस्तान और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में चक्रवाती घेरा सक्रिय हो गया। अब यह पूर्व की ओर बढ़ रहा है।

मौसम विभाग ने प्रशासन को चेतावनी जारी की है। इसमें कहा गया है कि 9, 10 और 11 जनवरी को मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में कई जगहों पर बारिश हो सकती है। वहीं कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। प्रशासन को सतर्क रहने को कहा गया है।

See also  भाटापारा शाखा नहर के कमांड एरिया में आने वाले खेतों को सिंचाई पानी की दरकार, ज्ञापन