CG : तेज रफ्तार ट्रक ने बच्ची को रौंदा, हुई दर्दनाक मौत, बेरिकेट तोड़ते हुए ट्रक लेकर चालक फरार, भारी मशक्कत से आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में शुक्रवार सुबह हिट एंड रन का गंभीर मामला सामने आया, जिसमें सड़क किनारे खेल रहे एक 10 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने पीछा कर बाद में पकड़ लिया।

 

जानकारी के अनुसार, यह घटना गुंडरदेही गांव के पास की है। बच्चा सुबह के समय सड़क किनारे खेल रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।

 

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी शुरू कर दी। मोहला थाना क्षेत्र में पहले बैरिकेड्स लगाकर ट्रक को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक ने रफ्तार कम करने के बजाय बैरिकेड्स तोड़ते हुए वाहन को आगे बढ़ा दिया। इसके बाद मानपुर थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने दूसरी नाकेबंदी की, लेकिन वहां भी चालक ने पुलिस के रोकने के संकेतों को अनदेखा करते हुए बैरिकेड्स तोड़ दिए और आगे निकल गया। इस दौरान पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए और बड़ी दुर्घटना टल गई। भागते हुए ट्रक ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। राहगीरों में भी दहशत फैल गई और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ।

See also  बीजेपी सहयोग केंद्र में इस सप्ताह डिप्टी सीएम सुनेंगे कार्यकर्ताओं की समस्याएं, आज ओपी चौधरी होंगे मौजूद

 

 

पुलिस के अनुसार, लगातार पीछा किए जाने के दौरान आरोपी चालक महाराष्ट्र बॉर्डर की ओर भाग रहा था। अंततः कोहका के पास ट्रक सड़क से नीचे उतर गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ट्रक की तेज रफ्तार और बैरिकेड्स तोड़ते हुए भागने की तस्वीरें साफ देखी जा सकती हैं।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आरोपी चालक के खिलाफ हिट एंड रन, लापरवाही से मौत और पुलिस अवरोध तोड़ने जैसी धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक से पूछताछ जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की समस्या लगातार बनी हुई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर कड़ी निगरानी और स्पीड कंट्रोल की मांग की है।

See also  उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के जल स्रोतों में ऊदबिलाव की मौजूदगी के मिले प्रमाण