देहरादून में पंजाब की एक किशोरी के साथ आईएसबीटी में बस के अंदर सामूहिक दुष्कर्म

देहरादून.
देहरादून में  पंजाब की एक किशोरी के साथ आईएसबीटी में बस के अंदर सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना 13 अगस्त तड़के की बताई जा रही है। किशोरी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से देहरादून आई थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आईएसबीटी परिसर से कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, पंजाब की रहने वाली किशोरी मुरादाबाद से यूपी रोडवेज की बस में सवार हुई थी। वो 13 अगस्त रात करीब दो बजे आईएसबीटी देहरादून पहुंची। आरोप है कि बस खाली होने के बाद करीब पांच लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बाद में किशोरी को बस से उतारकर आरोपी चले गए। चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की हेल्पलाइन टीम को आईएसबीटी के बाहर किशोरी बदहवास हालत में मिली।

कमेटी ने किशोरी की काउंसलिंग की तो उसने आपबीती सुनाई। कमेटी के सदस्य शनिवार रात आईएसबीटी चौकी पहुंचे और घटना की जानकारी दी। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। दो लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। एसएसपी ने खुद आईएसबीटी चौकी पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उनके निर्देश पर सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया।

See also  हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में वायु गुणवत्ता अब भी ‘खराब’ श्रेणी में

दून स्थित आईएसबीटी से शनिवार को पुलिस की टीम कर्मचारी को अपने साथ उठा ले गई। मामले की जानकारी तब मिली, जब मौके पर कैश जमा करने के लिए एक-एक परिचालक पहुंचने लगे, मगर वहां तैनात कर्मचारी गायब था। जानकारी ली तो पता चला कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी को पुलिस पूछताछ के लिए ले गई है। इसके बाद बड़ी संख्या में ड्राइवर-कंडक्टर आईएसबीटी चौकी पहुंच गए, जहां पता लगा कि किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले की जांच में पूछताछ के लिए कर्मचारी को पुलिस चौकी लाई। इसके बाद रोडवेज बस ड्राइवर और कंडक्टर चौकी से लौट आए। हिरासत में लिए कर्मचारी से रात 12 बजे से बाद तक पूछताछ जारी थी।

आईएसबीटी में सुरक्षा की दृष्टि से एमडीडीए की ओर से कई जगह सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। ऐसे में इन कैमरों की फुटेज से पुलिस को बड़ी मदद मिल सकती है। किशोरी ने पूछताछ में बताया कि जिस बस में उसके साथ दरिंदगी की गई, वो लाल रंग की थी। संभवत: उसके साथ दूसरे राज्य की रोडवेज बस में सामूहिक रेप किया गया। लेकिन, यह भी आशंका जताई जा रही कि उसके साथ उत्तराखंड की रोडवेज बस में दुष्कर्म हुआ होगा। दून पुलिस इस मामले में गंभीरता के साथ जांच-पड़ताल कर रही है।

See also  दिल्ली में चुनाव से पहले AAP पर 'ताले' वाला संकट! लिस्ट बना रही ED

आईएसबीटी में बस के अंदर किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म सामने आने के बाद यहां पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। इस बस अड्डे के मुख्य गेट से सटकर पटेलनगर कोतवाली की आईएसबीटी चौकी है। बस अड्डे पर पूरी रात बसें और यात्रियों का आना जाना लगा रहता है। ऐसे में किशोरी के साथ तड़के बस में दुष्कर्म होना कई सवाल खड़े कर रहा है।