गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध गजपल्ला वाटरफॉल पिकनिक मनाने पहुंचे नाबालिक युवक नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गया था, 5 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक की लाश टीम ने ढूंढ निकाला है. आपको बता दें की रविवार को वाटरफॉल में नहाने के दौरान डूबने से रायपुर निवासी 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक अपने पांच दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गजपल्ला वाटरफॉल पहुंचा था।
जानकारी के मुताबिक मृतक युवक की पहचान रायपुर निवासी आदित्य चौधरी, उम्र 17 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आदित्य अपने दोस्तों के साथ गजपल्ला वाटरफॉल में नहाने गया था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में जा गिरा और देखते ही देखते पानी में डूब गया।
युवक को डूबता देख उसके दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।घटना की सूचना मिलते ही पाण्डुका पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
5 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद एसडीआरएफ और पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए युवक के शव को पानी से बाहर निकाल लिया।
गौरतलब है कि गजपल्ला वाटरफॉल में पहले भी डूबने की घटना सामने आ चुकी है। पिछले वर्ष भी यहां पानी में डूबने से एक युवती की मौत हुई थी। अब एक बार फिर 17 वर्षीय युवक की मौत के बाद वाटरफॉल में पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पाण्डुका थाना प्रभारी द्वारा पर्यटकों और लोगों से लगातार अपील की जाती रही है कि वाटरफॉल के खतरनाक हिस्सों में न जाएं और पानी में उतरते समय विशेष सावधानी बरतें।
फिलहाल पुलिस ने शव को बाहर निकालकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गजपल्ला वाटरफॉल में हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन ली हैं और एक बार फिर पर्यटक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।