JJohar36garh News|जालंधर में एक एंडेवर कार ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। जिसमें स्कूटी पर सवार परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं, दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मरने वालों में पिता और बेटा-बेटी शामिल हैं। वहीं, मां और एक बेटा घायल है। घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाज के दौरान डॉक्टर्स को बच्चे का पैर भी काटना पड़ा। पुलिस ने कार के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। वह दिल्ली का रहने वाला है और जम्मू से लौट रहा था। उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक होशियारपुर के जोधा गांव से संदीप अपने 3 बच्चों समर, जीविका, गैरी और पत्नी जसवीर कौर के साथ शकरपुर अपनी ससुराल आ रहा था। जब वह भोगपुर के पचरंगा गांव के पास पहुंचे तो वहां एंडेवर से आमने-सामने टक्कर हो गई। जिस वक्त हादसा हुआ, बारिश हो रही थी। यह टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी हाईवे के किनारे बनी खाई में जा गिरी।
बच्ची को सड़क पर मरा देख चला हादसे का पता
जीविका वहीं सड़क पर ही गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई। बाकी लोग भी स्कूटी से खाई में जा गिरे। वहां खड़े लोगों ने एक बच्ची को बारिश से इकट्ठा हुए पानी में गिरा देखा तो हादसे का पता चला। वो तुरंत बचाने के लिए दौड़े। हालांकि तब तक संदीप (35), उसकी बेटी जीविका (5) और समर (2) की मौत हो गई।
हादसे में एक बच्चा गैरी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे अस्पताल ले गए तो उसका पैर बुरी तरह से जख्मी था। जिसे इन्फेक्शन की आशंका को देखते हुए डॉक्टरों को काटना पड़ा। महिला जसवीर कौर की हालत भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक हादसा कैसे हुआ? इसके बारे में एंडेवर चलाने वाले व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। गाड़ियों को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।