कॉलेज छात्रों के बीच जमकर डंडे और लात-घूसे, पुलिस के सामने करते रहे झूमाझटकी

राजधानी रायपुर के समता कॉलोनी स्थित मैक कॉलेज और नगर निगम के बाहर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है. बताया जा रहा कि वर्चस्व की लड़ाई के चलते कॉलेज छात्रों के बीच लड़ाई हुई है. बूढ़ापारा गवली फील्ड और बैजनाथ पारा के युवकों ने जमकर डंडे और लात-घूसे चलाए हैं. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा.

 

घटना की सूचना पर कोतवाली सीएसपी मौके पर पहुंची और युवकों को हिरासत में लिया. जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्ष समता कॉलोनी स्थित मैक कॉलेज के बाहर लड़ाई के बाद नगर निगम के बाहर भी भिड़ गए. पुलिस वायरल वीडियो से युवकों की पहचान कर रही.

 

जानकारी के मुताबिक महाराजा अग्रसेन इंटरनेश्नल कॉलेज (MAIC) के छात्रों के बीच कॉलेज में अपना वर्चस्व स्थापित करने को लेकर पिछले लंबे समय से विवाद चल रहा था, लेकिन आज ये विवाद दो गुटों के बीच बलवा में बदल गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कॉलेज के भीतर कुछ देर पहले छात्रों के बीच मारपीट हुई. इस दौरान आक्रोशित छात्रों ने अपने-अपने गुटों से युवकों को कॉलेज के बाहर बुला लिया था.

See also  छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री की पहल पर पटवारियों की हड़ताल समाप्त, बैठक में बनी सहमति

 

समता कॉलोनी में ही दोनों पक्षों से आए करीबन पचास युवकों के बीच जमकर विवाद हुआ. इसके बाद युवकों का नगर निगम व्हाईट हाउस बिल्डिंग के बाहर भी जमकर मारपीट हुई. इसका वीडियो सामने आया है. पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ युवकों को हिरासत में लिया है.

 

कोतवाली थाना सीएसपी योगेश साहू ने बताया कि नगर निगम गार्डन के पास कुछ युवकों के बीच मारपीट की जानकारी मिली थी. इसके बाद तत्काल कोतवाली थाना पुलिस टीम को रवाना कर दिया गया था. मौके से कुछ युवकों को हिरासत में लेकर थाना लाया गया है. मारपीट का वीडियो सामने आया है, जिसके आधार पर अन्य युवकों की पहचान की जा रही है.