रोजगार मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बने- कार वॉशिंग सेंटर में 2 और लोगों को मिल रहा है रोजगार

भोपाल
राज्य और केन्द्र सरकार की योजनाओं का मकसद लोगों को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। मंडला जिले के कारीकोन महाराजपुर के रहने वाले करण गोठिया ने प्रधानमंत्री सृजन योजना का लाभ लेकर इस उद्देश्य को पूरा किया है। आज वे सरकारी योजना से मिली मदद से सफलता के साथ कार वॉशिंग सेंटर चला रहे हैं।

करण गोठिया बताते हैं कि पहले वे अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिये किराना दुकान में नौकरी किया करते थे। जिससे इतनी आमदनी नहीं हो पाती थी कि वे अपने परिवार का खर्च अच्छी तरह से चला सकें। इन तकलीफों को देखते हुए उन्होंने कार वॉशिंग सेंटर चलाने का मन बनाया। उन्हें इस कार्य का पहले से अनुभव था। इसके लिये उन्होंने जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र में सम्पर्क किया। कार्यालय से उन्हें प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना की जानकारी मिली। उनकी रुचि को देखते हुए उन्हें बैंक ऑफ इण्डिया से 3 लाख 20 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ।

See also  जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना ही हमारा लक्ष्य : राज्यमंत्री श्रीमती गौर

करण बताते हैं कि ऋण मिलने के बाद उन्होंने कार वॉशिंग सेंटर मण्डला शुरू किया। उनकी मेहनत से कार वॉशिंग सेंटर अच्छा चल रहा है। वे परिवार का खर्च निकालने के बाद प्रतिमाह 6 हजार रुपये की किश्त भी चुका रहे हैं। करण गर्व से बताते हैं कि उन्होंने अपने सेंटर में अन्य 2 लोगों को रोजगार भी दिया है। सरकार से मिली मदद से आज वे और उनका परिवार दोनों खुश हैं। उनके सेंटर से अन्य युवकों को भी स्वयं का रोजगार शुरू करने की प्रेरणा मिल रही है।