एफबीआई ने की गोली चलाने वाले पहचान, अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने की ट्रंप से बात

वाशिंगटन.

अमेरिका में इस साल के अंत में राष्ट्रपति चुनाव होने हैं। रिपब्लिकन और डेमोक्रेट खेमे के नेता प्रचार में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इस बीच, रिपब्लिकन नेता डोनाल्ड ट्रंप पर गोलीबारी की गई है। इस हमले में गोली ट्रंप के कान को छूकर निकल गई। फिलहाल ट्रंप सुरक्षित हैं। कथित तौर पर हमला करने वाले एक शूटर को सीक्रेट सर्विस ने मार गिराया। रैली में मौजूद एक अन्य शख्स की मौत भी हुई है। इस बीच, जो बाइडन ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात की है। भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना की निंदा की है।

अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, थॉमस मैथ्यू ने गोलीबारी के लिए समारोह स्थल से कुछ ही दूर एक उत्पादन प्लांट को चुना था। वह पेंसिलवेनिया में ही बेथेल पार्क का रहने वाला था। बताया गया है कि उसने खुद को बटलर ग्राउंड में ट्रंप के संबोधन वाले स्टेज से 130 कदम दूर पोजिशन किया था। उसके गोलीबारी करने के तुरंत बाद ही सीक्रेट सर्विस के स्नाइपर ने उसे गोली मार दी। बाद में जांच के दौरान हमले वाली जगह से एआर-स्टाइल राइफल भी बरामद की गई।

See also  अमेरिकी धमकियों के बीच मुस्लिम एकजुटता, शिया-सुन्नी देशों का साझा संदेश—ईरान को सऊदी अरब का समर्थन

ओबामा बोले- ट्रंप के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा, अमेरिका के लोकतंत्र में राजनीतिक हिंसा के लिए बिल्कुल भी जगह नहीं है। हमें अभी तक ठीक से पता नहीं है कि पेन्सिलवेनिया की रैली में क्या हुआ है, लेकिन हम सभी इस बात को जानकर राहत की सांस ले सकते हैं कि पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप को गंभीर चोट नहीं आई है। ओबामा ने कहा, हमें इस समय अपनी राजनीति में शिष्टाचार और सम्मान के लिए खुद को फिर से प्रतिबद्ध करना चाहिए। मिशेल और मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।

राहुल गांधी ने भी किया पोस्ट
दूसरी तरफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस घटना पर चिंता जताई। राहुल ने कहा कि मैं पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या के प्रयास पर चिंतित हूं। इस तरह की घटनाओं की सख्त से सख्त आलोचना होनी चाहिए। उनके जल्दी और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

See also  रात 2 बजे अचानक अस्पताल पहुंचे इमरान खान, पाकिस्तान में बढ़ी सियासी हलचल

कमला  हैरिस ने घटना को बताया- घृणित
अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने भी इस घटना को "घृणित" बताया है। उन्होंने कहा कि देश में ऐसी हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। कमला हैरिस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए कहा, 'मुझे पेंसिल्वेनिया में पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप के कार्यक्रम में हुई गोलीबारी के बारे में जानकारी दी गई है। राहत है कि वह गंभीर रूप से घायल नहीं हुए हैं। हम उनके, उनके परिवार और उन सभी लोगों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं जो इस बेहूदा गोलीबारी में घायल और प्रभावित हुए हैं।' हैरिस ने त्वरित प्रतिक्रिया के लिए अमेरिकी गुप्त सेवा का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने आगे कहा, 'हम तत्काल कार्रवाई के लिए यूनाइटेड स्टेट्स सीक्रेट सर्विस, प्रथम उत्तरदाताओं और स्थानीय अधिकारियों के आभारी हैं। इस तरह की हिंसा के लिए हमारे देश में कोई जगह नहीं है। हम सभी को इस घृणित कृत्य की निंदा करनी चाहिए और यह सुनिश्चित करने के लिए अपनी भूमिका निभानी चाहिए कि इससे और अधिक हिंसा न हो।'

See also  अमेरिका का ईरान को ‘अंतिम प्रस्ताव’, बातचीत टूटने के बाद कूटनीतिक संकट गहराया