जांजगीर : रास्ता रोककर चौकीदार से शराब के लिए पैसे की मांग, नहीं देने पर बीच सड़क में चाकू मारकर बेदर्दी से हत्या

जांजगीर-चांपा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पैसे नहीं देने पर 52 वर्षीय व्यक्ति पर धारदार चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम खोखरा निवासी राधेश्याम सूर्यवंशी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राधेश्याम चांपा के मेमन कबाड़ी दुकान में चौकीदारी का काम करता था।

 

जानकारी के मुताबिक, रविवार की रात करीब साढ़े 9 बजे राधेश्याम रोज की तरह अपने घर से निकला था। इसी दौरान जांजगीर इलाके में रास्ते में दो युवकों ने उसे रोककर लिफ्ट मांगी। राधेश्याम दोनों युवकों को बाइक पर बैठाकर आगे बढ़ा। आरोप है कि रास्ते में दोनों युवकों ने उससे पैसों की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और दोनों ने कथित तौर पर धारदार चाकू से राधेश्याम पर हमला कर दिया।

 

हमले में राधेश्याम गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे जांजगीर अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

See also  बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026 का आयोजन 22 मार्च को जगदलपुर में

 

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए कार्रवाई की और इस मामले में शामिल दोनों नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना की पूरी वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।