बब्बर खालसा के कुख्यात आतंकी ‘पिंडी’ परमिंदर सिंह को अबू धाबी से भारत लाया गया

नई दिल्ली

बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के कुख्यात आतंकी परमिंदर सिंह उर्फ ‘पिंडी’ को अबू धाबी (UAE) से सफलतापूर्वक भारत लाया गया है. पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों और विदेश मंत्रालय के सहयोग से यह कामयाबी हासिल की है.

पिंडी विदेश में बैठे कुख्यात आतंकियों हरविंदर सिंह उर्फ ‘रिंदा’ और हैप्पी पासिया का करीबी सहयोगी माना जाता है. वह गुरदासपुर के बटाला इलाके में पेट्रोल बम हमलों, हिंसक वारदातों और जबरन वसूली जैसे कई गंभीर अपराधों में वांछित था.

कैसे पकड़ा गया पिंडी?

पंजाब पुलिस के मुताबिक, बटाला पुलिस की ओर से अनुरोध किए गए रेड कॉर्नर नोटिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम ने 24 सितंबर UAE जाकर वहां की सरकार और भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) के साथ समन्वय कर सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और आरोपी को भारत लेकर लौट आई.

पंजाब पुलिस ने कहा कि यह सफल प्रत्यर्पण राज्य की आतंकवाद और संगठित अपराध के प्रति शून्य-सहिष्णुता की नीति को दर्शाता है और पुलिस की उन्नत जांच क्षमताओं और वैश्विक स्तर पर पहुंच को भी साबित करता है. पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों, विदेश मंत्रालय और UAE सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कदम से राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने और न्याय सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी.

See also  बकरीद के चलते CUET UG परीक्षा टली, 28 मई का एग्जाम अब नई तारीख पर होगा

कौन है पिंडी?

परमिंदर सिंह उर्फ ‘पिंडी’ का जन्म पंजाब के तरन तारन जिले में हुआ था. वह बब्बर खालसा इंटरनेशनल का एक सक्रिय सदस्य और ऑपरेटिव है, जो संगठन के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का हिस्सा माना जाता है. सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, वह वर्ष 2000 के बाद से विदेशों में रहते हुए भारत में आतंकवादी मॉड्यूल्स को संचालित करने में सक्रिय हो गया. उसकी उम्र लगभग 45-50 साल के बीच मानी जाती है.

पिंडी को बब्बर खालसा के वरिष्ठ कमांडरों में से एक माना जाता है, जो हथियारों की तस्करी, टेरर फंडिंग और युवाओं के बीच कट्टरपंथ बढ़ाने में शामिल रहा है. उसका नाम पहली बार 2005 में तब चर्चा में आया, जब पंजाब पुलिस ने बब्बर खालसा के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया, जिसमें वह एक प्रमुख साजिशकर्ता था. इसके बाद, उसने भारत छोड़ दिया और विदेश में बसे सिखों के जरिये संगठन को फंडिंग और लॉजिस्टिक सपोर्ट देना शुरू किया.

See also  140 करोड़ का सुपर लग्जरी फ्लैट NCR में! जानें अंदर क्या है खास

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार पिंडी ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान से हथियार और विस्फोटक भारत में भेजने का जिम्मा संभाला. 2018 में पंजाब पुलिस ने एक ऑपरेशन में उसके नेटवर्क से जुड़े 10 किलो आरडीएक्स जब्त किया. खुफिया जानकारी के मुताबिक, वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के संपर्क में है, जो BKI को हथियार और प्रशिक्षण मुहैया कराती है.