सड़क किनारे मिली एसईसीएल कर्मी की खून से सनी हुई लाश, हत्या की आशंका

Johar36garh (Web Desk)| सूरजपुर जिले के भटगांव थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत चुनगढ़ी में आज एसईसीएल कर्मचारी की लाश सड़क किनारे पड़ी मिली। सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस मौके पर पहुंची। युवक सोमवार रात को घर से निकला था और आज सुबह तक नहीं लौटा था। वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

पुलिस के अनुसार भटगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चुनगढ़ी में आज सुबह सड़क किनारे खून से सनी हुई लाश ग्रामीणों ने देखी। जिसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस मौके पर पहुंच मौके का मुआयना कर शव की पहचान भटगांव के न्यू माइनस कॉलोनी निवासी भैया लाल साहू (40) के रूप में की है, जो एसईसीएल भटगांव क्षेत्र के 3/4 भूमिगत परियोजना में कोयला कर्मचारी के रूप में पदस्थ था। इसी बीच घटना की जानकारी परिजनों को भी मिली। परिजन भी घटनास्थल पहुंचे।

इसी बीच मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि बीती रात तकरीबन 10 बजे के समीप उनके पति के पास किसी का फोन आया था। जिसके बाद उससे मिलने जाने की बात कह कर घर से निकले थे। देर रात तक घर वापस नहीं लौटे और आज सुबह उनकी मौत की खबर सुनने को मिल रही है। पत्नी ने पुलिस से अंदेशा व्यक्त किया कि उसके पति की किसी ने हत्या कर दी है। वहीं पुलिस भी मामले में हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए सामाचार लिखे जाने तक फॉरेंसिक एक्सपर्ट के आने का इंतजार कर रही है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट के जांच उपरांत ही मामले में कुछ खुलासा होने का अंदेशा है।

See also  जांजगीर में दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण 28 से, सभी ब्लॉक में लगेगा शिविर