गोठान में लापरवाही, तरौद सचिव निलंबित

जांजगीर-चांपा। सुराजी गांव योजना के तहत बनाए गए जनपद पंचायत अकलतरा के ग्राम पंचायत तरौद के गोठान के कार्यों में लापरवाही बरतने, कर्तव्य के प्रति उदासीनता, लापरवाही, स्वेच्छारिता एवं वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने पर जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी तीर्थराज अग्रवाल ने तरौद सचिव रमेश कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है।


जिपं सीईओ श्री अग्रवाल ने बताया कि जनपद पंचायत अकलतरा सीईओ के द्वारा तरौद ग्राम पंचायत के गोठान का विगत दिवस आकस्मिक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण उपरांत उनके द्वारा प्रतिवेदन भेजा गया था। जिसमें बताया गया कि निरीक्षण के दौरान गोठान में एक भी गाय नहीं पाई गई, न ही गायों के पैरा, चारा की व्यवस्था की गई थी। यहीं नहीं पानी टंकी में गायों के लिए पानी नहीं भरा पाया गया एवं चबूतरा निर्माण कार्य भी अधूरा पाया गया। इसके अलावा ग्राम पंचायत तरौद में अकलतरा शिवरीनारायण मुख्य मार्ग के दोनों तरफ कांक्रीट कार्य प्रगति पर है उक्त कार्य में बिना बेस डाले सीमेंट कांक्रीटीकरणका कार्य किया जाना पाया गया। सीईओ अकलतरा के द्वारा प्रतिवेदित किया गया कि सचिव के द्वारा ग्राम पंचायत के कार्यों को गंभीरता से नहीं लिया जाता तथा वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश का पालन भी नहीं करते है। इस प्रकार सचिव द्वारा अपने पदीय कर्तव्य का निर्वहन उचित ढंग से नहीं किया जा रहा है। सचिव का यह कृत्य अपने कर्तव्य के प्रति उदासीनता, लापरवाही, स्वेच्छारिता एवं वरिष्ठ अधिकारियों की अवहेलना करना छत्तीसगढ़ पंचायत (आचरण) नियम 1998 के विपरीत है। उक्त कृत्य के कारण सचिव श्री यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में सचिव श्री यादव का मुख्यालय कार्यालय जनपद पंचायत अकलतरा रहेगा और निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

See also  छत्तीसगढ़ के बीजेपी नेता ने ट्रेन से कटकर की खुदकुशी