व्यापारी ने बुक किया था ऑटो, भूल गया था 17 लाख रुपए, ऑटो ड्राइवर ने किया कुछ ऐसा, जमकर हो रही है तारीफ

आइजोल 
मिजोरम के एक ऑटो ड्राइवर ने ईमानदारी की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसने तमाम लोगों को अपना मुरीद बना लिया है। इस ड्राइवर के ऑटो में एक व्यापारी का 17 लाख रुपया छूट गया था। बाद में ड्राइवर ने उसका पूरा पैसा लौटा दिया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद लोग इस ऑटो ड्राइवर की दिल खोलकर तारीफ कर रहे हैं। सभी लोग कह रहे हैं आज के वक्त में भी ऐसा ईमानदार व्यक्ति मिलना बहुत मुश्किल है।

व्यापारी ने बुक किया था ऑटो
जानकारी के मुताबिक म्यांमार का रहने वाला व्यापारी गुरुवार सुबह नौ बजे मिजोरम के लांगतलाई पहुंचा था। यहां पर उसने एक ऑटो रिक्शा किराए पर बुक किया। ऑटो में बैठकर वह घूमता-फिरता रहा। लेकिन जाते समय रुपयों से भरी पॉलिथिन की थैली ऑटो में ही भूल गया। जब व्यापारी वापस होटल पहुंचा तो उसे रुपयों के बारे में याद आया। इसके बाद उसने होटल में खोज-बीन शुरू की। जानकारी होने के बाद होटल स्टाफ ने भी अपनी तरफ से तलाशी अभियान चलाया। लेकिन कहीं कुछ नहीं मिला।

See also  हर LPG गैस सिलेंडर पर ₹500 की राहत! इन उपभोक्ताओं के खाते में आएगा फायदा

होटल पहुंच गया व्यापारी
वहीं, जब लाहमिंगमुआना को जब अपने ऑटो में रुपयों से भरी थैली मिली तो उसे पूरा माजरा समझ आ गया। वह तत्काल उस होटल पहुंचा जहां पर उसने व्यापारी को छोड़ा था। यहां पर उसने व्यापारी को 17 लाख रुपए की रकम लौटा दी। रुपए पाने के बाद व्यापारी बहुत ज्यादा खुश हो गया। उसने ऑटो ड्राइवर को कुछ इनाम देना चाहा, लेकिन ड्राइवर ने कुछ भी लेने से इनकार कर दिया। लांगतलाई ऑटो रिक्शा ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष सी जाथियांगा ने ऑटो ड्राइवर के इस काम की जमकर तारीफ की है।