जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव उसके घर के कमरे में रोशनदान से नायलॉन की रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ओमप्रकाश यादव के रूप में हुई है। फिलहाल उसकी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भड़ेसर की है|
Breaking VIDEO : पामगढ़ में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
मिली जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश यादव कमाने-खाने के सिलसिले में गांव से बाहर गया हुआ था और शुक्रवार को ही वापस लौटा था। घटना की रात गांव में बिजली नहीं थी। मृतक के पिता के मुताबिक, रात करीब 8 बजे वह घर से बाहर गए हुए थे। वापस लौटने पर जब ओमप्रकाश दिखाई नहीं दिया, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी देर तक पता नहीं चलने पर परिजन उस कमरे में पहुंचे, जहां ओमप्रकाश सोता था। वहां टॉर्च की रोशनी में उसका शव रोशनदान में नायलॉन की रस्सी के सहारे लटका दिखाई दिया।
CG : युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत, परिजनों ने दोस्तों पर लगाया पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का आरोप, जाँच में जुटी पुलिस
घटना के बाद परिजन पामगढ़ थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। ओमप्रकाश की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।