इलाज कराने पहुंचा डॉक्टर दंपति के घर, बंधक बनाकर लूट लिया सोने-चांदी और नकदी

मध्य प्रदेश में एक डॉक्टर दंपति के घर में लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लुटेरे मरीज बनकर आए और डॉक्टर दंपति के घर में घुस गए। हथियार के दम पर उन्होंने पति-पत्नी को बंधक बना लिया और सोने-चांदी के साथ नगदी लेकर चलते बने। वारदात के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। हालांकि, अपराधी एक चाकू और दो बाइक वहां छोड़कर चले गए। उन्हें पकड़ने के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया गया है।

घटना सोमवार रात की है। दतिया शहर के ठंडी सड़क पर डॉक्टर गुलशन और उनकी पत्नी डॉक्टर कंचन का घर है। घर में ही वे अपनी क्लीनिक भी चलाते हैं। सोमवार रात को एक मरीज उनकी क्लीनिक में आया। मरीज ने डॉक्टर दंपति को बताया कि उसके पेट में दर्द है। पति-पत्नी मरीज का इलाज करने लगे।

इसी दौरान सात अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। सभी डॉक्टर के घर में प्रवेश कर गए। इसके बाद मरीज और उसके साथियों ने अपने पास से कट्टा और चाकू निकाल लिया। उन्होंने डॉक्टर दंपति को बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने घर में रखी हुई नगदी और सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। इसके बाद बदमाश वहां से निकल गए।

See also  बहन ने की दुसरे धर्म में शादी, गुस्से में भाई ने डीजल से जला दिया उसके पति को, हड्डियों और राख को बोरे में भरकर नदी में बहाया

बदमाश जाते-जाते अपना एक चाकू घर के अंदर छोड़ गए। वे दो बाइक भी घर के बाहर छोड़ गए। डॉक्टर दंपति ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसपी अमन सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी ने तुरंत इस मामले में एक्शन लेते हुए एसआईटी गठित कर दिया है। डॉक्टर दंपति का कहना है कि इससे पहले भी दो बार उनके साथ लूट की घटना हो चुकी है। (एजेंसी)