CG : भाई-बहन के रिश्ते का खौफनाक अंत, मामूली विवाद के बाद धारदार कैंची से ताबड़तोड़ हमला, हुई मौत, आरोपी भाई गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। देवरी थाना क्षेत्र के परसुली गांव में भाई-बहन के रिश्ते का खौफनाक अंत हो गया, जहां मामूली पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जिस भाई से सुरक्षा और सहारे की उम्मीद होती है, उसी ने अपनी 18 वर्षीय बहन पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, परसुली गांव निवासी 18 वर्षीय तनीषा सोनकर ने कुछ घंटे पहले ही अपने भाई पोषण सोनकर के खिलाफ मारपीट की शिकायत देवरी थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस की समझाइश और पारिवारिक सहमति के बाद तनीषा ने अपना आवेदन वापस ले लिया था। लेकिन शिकायत वापस लेने के कुछ ही घंटों बाद आरोपी भाई ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं।

 

बताया जा रहा है कि, तनीषा जब घर में सो रही थी, तभी आरोपी भाई पोषण सोनकर ने उस पर धारदार कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल इलाज के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

See also  दस दिनों तक चलने वाले गणेश उत्सव का शुभारंभ, नगर सहित विभिन्न जगहों पर विराजे गणपति

 

पुलिस ने आरोपी किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं लोगों में घटना को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।