कहते हैं शादी में पति-पत्नी एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ निभाने का वादा करते हैं, लेकिन रोहतास में एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां पति का दावा है कि उसने पत्नी के सपनों को पूरा करने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी. पढ़ाई से लेकर कोचिंग और परीक्षा तक का खर्च उठाया, परीक्षा दिलाने के लिए शहर-शहर लेकर गया और आखिरकार पत्नी बिहार पुलिस में कांस्टेबल बन गई, लेकिन पति का आरोप है कि पुलिस की वर्दी मिलते ही पत्नी का दिल भी बदल गया.
मामला डालमियानगर थाना क्षेत्र के प्रयाग बिगहा का है. यहां अजय कुमार सिंह ने अपनी पत्नी अर्चना भारती पर प्रेमी विवेक कुमार के साथ घर छोड़कर जाने का आरोप लगाया है. मामला अब थाने से होते हुए एसपी कार्यालय तक पहुंच गया है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
शादी के बाद पत्नी ने कहा- पढ़ना है, पति ने कहा- मैं साथ हूं
दरिहट थाना क्षेत्र के आयरकोटा की रहने वाली अर्चना कुमारी की शादी 26 जनवरी 2025 को डालमियानगर के प्रयाग बिगहा निवासी अजय कुमार सिंह से हुई थी. शादी पूरे हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुई. शादी के बाद अर्चना ने आगे पढ़ाई करने और सरकारी नौकरी पाने की इच्छा जताई.
अजय का कहना है कि उसने पत्नी के सपने को अपना सपना समझ लिया. वह डालमियानगर नगर परिषद में प्राइवेट नौकरी करता था, लेकिन अपनी कमाई से पत्नी की पढ़ाई का खर्च उठाता रहा. स्थानीय कोचिंग में दाखिला कराया. परीक्षा आई तो सिर्फ शुभकामना देकर नहीं बैठा रहा, बल्कि खुद पत्नी को अलग-अलग शहरों में परीक्षा दिलाने लेकर गया.
दूल्हे को जयमाला डालने के बाद दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार, मौके पर मचा हड़कंप, दूल्हे ने फेंका सेहरा
मेहनत रंग लाई, पत्नी बनी बिहार पुलिस की कांस्टेबल
आखिरकार अजय की मेहनत और अर्चना की पढ़ाई रंग लाई. अर्चना का चयन बिहार पुलिस में कांस्टेबल के पद पर हो गया. उसे प्रशिक्षण के लिए दरभंगा भेजा गया. घर में खुशी का माहौल था. जिस पत्नी के सरकारी नौकरी के सपने को पति ने पूरा कराने में मदद की, अब वह पुलिस की वर्दी पहनने वाली थी, लेकिन पति के मुताबिक, कहानी यहीं से धीरे-धीरे बदलने लगी.

वर्दी आई तो बातचीत गई!
अजय का आरोप है कि ट्रेनिंग पूरी होने के बाद अर्चना की पोस्टिंग बेगूसराय में हुई. नौकरी जॉइन करने के बाद उसके व्यवहार में बदलाव आने लगा और उसने धीरे-धीरे पति से बातचीत कम कर दी. इसी बीच जुलाई में अर्चना छुट्टी लेकर ससुराल पहुंची. पति के मुताबिक, इसी दौरान उसके मोबाइल फोन में विवेक कुमार नाम के युवक के साथ वॉट्सऐप चैट दिखाई दी. अजय ने बताया कि विवेक डेहरी के गांधी नगर का रहने वाला है और दोनों के बीच पहले से प्रेम संबंध था.
चैट पहले भी पकड़ी गई थी, समझाने पर मामला शांत हुआ था
अजय के मुताबिक, परिवार को पहले भी दोनों के बीच मोबाइल चैट की जानकारी हुई थी. उस समय परिवार के लोगों ने समझाया-बुझाया और मामला शांत हो गया था, लेकिन पति का आरोप है कि दोनों के बीच संपर्क जारी रहा. जुलाई में एक बार फिर मोबाइल चैट को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ. इसके बाद अजय के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को अर्चना घर छोड़कर चली गई. पति ने आरोप लगाया कि घर से जाते समय वह शादी के आभूषण और नकदी भी अपने साथ ले गई.
पति-बेटे को छोड़कर महिला फरारी, असम से आगरा वाले प्रेमी के साथ मुरैना में हुई भागी
थाने पहुंचा पति, फिर एसपी से लगाई न्याय की गुहार
पत्नी के घर छोड़ने के बाद अजय ने डालमियानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई. उसने पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. अजय की भाभी रीना देवी ने भी मामले में शिकायत दी है. इसके बाद अजय ने रोहतास एसपी से भी न्याय की गुहार लगाई. मामले में सबसे ज्यादा चर्चा अर्चना की मां शकुंतला देवी के बयान की हो रही है. बताया गया है कि वह खुद एसपी कार्यालय पहुंचीं और अपनी बेटी के मामले की जानकारी दी. शकुंतला देवी ने बेटी के कदम पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें ऐसी बेटी पैदा करने पर पछतावा हो रहा है. उन्होंने प्रेमी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और दामाद का साथ दिया.
2 बार गर्भवती भी हुई थी अर्चना, दोनों बार हुआ गर्भपात
पति अजय ने अपने बयान में यह भी बताया कि शादी के बाद अर्चना दो बार गर्भवती हुई थी, लेकिन किसी वजह से दोनों बार गर्भपात हो गया. पति का कहना है कि इसके बावजूद उसने पत्नी की पढ़ाई और करियर को लेकर उसका साथ देना जारी रखा. मामले में रोहतास एसपी मिस्टर राज ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है.