नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हमला, 14 लोगों के घायल, रायपुर में हुआ विरोध प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में रविवार को नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के काफिले को लेकर हंगामा हो गया. चंद्रशेखर आजाद का आरोप है कि रामनगर थाना क्षेत्र के बुढ़वल चौराहे के पास उनके काफिले पर पत्थर फेंके गए. उन्होंने 13 से 14 लोगों के घायल होने और 7 से 8 वाहनों के क्षतिग्रस्त होने का दावा किया है. इसके विरोध में भीम आर्मी रायपुर टीम ने प्रदर्शन कर विरोध किया |

 

जानकारी के मुताबिक चंद्रशेखर आजाद गोंडा जा रहे थे. उन्हें वहां विनोद कुमार साहनी और रमेश कोरी के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना देनी थी. बुढ़वल चौराहे के पास पुलिस ने उनके काफिले को रोककर दूसरे रास्ते से जाने के लिए कहा. इसी दौरान विवाद की स्थिति पैदा हुई. चंद्रशेखर आजाद के मुताबिक, चौराहे पर कुछ लोग तख्तियां लेकर खड़े थे और उनके हाथों में पत्थर थे. उनका आरोप है कि इसी दौरान उनके काफिले पर पत्थर फेंके गए. घटना में काफिले में शामिल एक वाहन का शीशा टूट गया. उन्होंने कई अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचने का दावा किया है.

See also  Breaking News : जांजगीर कोविड हॉस्पिटल में कोरोना से एक की मौत 

चंद्रशेखर आजाद ने दावा किया कि हमले में कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं. एक कार्यकर्ता की आंख में चोट लगने की बात भी कही गई है. घटना के बाद चंद्रशेखर अपने समर्थकों के साथ बाराबंकी एसपी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की. मामले में चंद्रशेखर आजाद की ओर से एक और उनके कार्यकर्ता सनी की ओर से दूसरी तहरीर दिए जाने की जानकारी सामने आई है. चंद्रशेखर का आरोप है कि हमला पुलिस की मौजूदगी में हुआ. उन्होंने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

 

चंद्रशेखर आजाद ने कहा है कि यदि सोमवार तक मामले में कार्रवाई नहीं होती है तो मंगलवार से पूरे प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा. घटना के बाद उनका गोंडा दौरा भी प्रभावित हुआ और वह वहां नहीं जा सके. फिलहाल घटना को लेकर चंद्रशेखर आजाद की ओर से लगाए गए आरोप सामने आए हैं. पुलिस की ओर से हमले, घायलों और वाहनों को हुए नुकसान को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है. ऐसे में पूरे मामले की तस्वीर पुलिस जांच और कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगी.

See also  CG : दिनदहाड़े सो रहे व्यक्ति के सिर पर लकड़ी के बत्ते से सिर पर ताबड़तोड़ वार, मौके पर हुई दर्दनाक मौत, विडियो आया सामने