जांजगीर जिले के बिर्रा में आज सुबह बाइक सवार को एक ट्रेलर ने जोरदार ठोकर मार दी | जिससे 55 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। हादसे के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक के साथ-साथ भारी आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान लक्ष्मण कुम्भज के रूप में हुई है, जो कुकदा गांव के निवासी थे। बताया जा रहा है कि लक्ष्मण कुम्भज किसी निजी कार्य से बिर्रा आए हुए थे। इसी दौरान बिर्रा चौक के पास उनकी मोटरसाइकिल को तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर की चपेट में आने से लक्ष्मण कुम्भज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। हादसे के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिर्रा मार्ग अब “हादसों का रास्ता” बनता जा रहा है। आए दिन यहां सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधियों की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।
ग्रामीणों और राहगीरों ने आरोप लगाया कि भारी वाहन चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हैं। सड़क पर न तो प्रभावी ट्रैफिक नियंत्रण दिखाई देता है और न ही नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होती है। यही वजह है कि आम लोगों को रोजाना जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बिर्रा मार्ग पर भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने, नियमित जांच अभियान चलाने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों पर रोक लगाई जा सके।