बिलासपुर में दिनदहाड़े लूट, बदमाशों ने पार किए 3 लाख रुपये से भरा बैग, घटना कैमरा में कैद

बिलासपुर के व्यापार विहार इलाके में एक बार फिर अपराधियों ने कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। यहाँ थोक मंडी में खरीदारी करने आए एक व्यापारी को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने 3 लाख रुपये से भरा बैग पार कर दिया। वारदात के बाद से ही व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।

लूट का शिकार हुए नवागढ़ निवासी उमेश कुमार साहू मंडी में अपनी व्यापारिक जरूरतों के लिए नकद राशि लेकर पहुंचे थे। लहसुन, प्याज़ और अन्य कृषि उत्पादों की थोक खरीद के बाद जब वे अंडा चौक के पास से गुजर रहे थे, तभी घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उन्हें अपना शिकार बनाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार दो नकाबपोश युवक काफी समय से व्यापारी का पीछा कर रहे थे। जैसे ही व्यापारी थोड़ा अलग हुए, बदमाशों ने फुर्ती से उनके हाथ से बैग छीना और देखते ही देखते भीड़भाड़ वाले इलाके से रफूचक्कर हो गए। व्यापारी की चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ते, बदमाश काफी दूर निकल चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।तारबहार पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से मुआयना शुरू किया और पीड़ित से घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने व्यापार विहार और आसपास के रास्तों पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है ताकि आरोपियों के भागने का रूट स्पष्ट हो सके। वहीं, पुलिस के आला अधिकारियों ने इस लूट को एक बड़ी चुनौती मानते हुए तत्काल प्रभाव से एक स्पेशल टीम का गठन किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के हुलिए और बाइक के नंबर के आधार पर उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने मंडी आने वाले अन्य व्यापारियों में दहशत का माहौल बना दिया है।

See also  जिन्दल स्टील ने रचा इतिहास, कोयला गैसीफिकेशन क्रांति से ऊर्जा आत्मनिर्भरता और सस्टेनेबल स्टील की राह दिखाई