छत्तीसगढ़: बालोद थाने में ASI ने की आत्महत्या, वजह की जांच में जुटी पुलिस

बालोद

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाने से एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। थाने में तैनात सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) हीरामन मंडावी ने थाने के पुलिस स्टाफ बैरक में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही थाने के अन्य पुलिसकर्मियों ने तत्काल एएसआइ हीरामन मंडावी को फंदे से उतारा और उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एएसआइ हीरामन मंडावी की आत्महत्या का कारण डिप्रेशन बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों ने उन्हें इस कदम को उठाने के लिए मजबूर किया।

घटनास्थल से किसी भी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फारेंसिक टीम द्वारा बैरक की जांच की जा रही है। साथ ही, एएसआइ के सहकर्मियों और स्वजनों से पूछताछ कर यह समझने की कोशिश की जा रही है कि क्या कोई मानसिक या व्यक्तिगत दबाव इस घटना का कारण था।

See also  CM साय का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- सत्ता के अहंकार में कुचली गई संविधान की आत्मा

बालोद पुलिस अधीक्षक ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया है और कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। इस घटना ने पुलिस विभाग में मानसिक स्वास्थ्य और कार्यस्थल पर तनाव से निपटने की आवश्यकता पर एक बार फिर सवाल उठाए हैं।