दिव्या देशमुख ने रचा इतिहास, विमेंस स्पीड चेस चैंपियनशिप 2025 के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश

नई दिल्ली
हाल ही में जॉर्जिया में आयोजित फिडे वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय ग्रैंडमास्टर दिव्या देशमुख ने सोमवार को चीनी जीएम लेई टिंगजी को 10-3 से हराकर विमेंस स्पीड चेस चैंपियनशिप 2025 के क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली।

19 वर्षीय दिव्या ने शुरुआती राउंड में ही लेई पर दबदबा कायम करते हुए शानदार जीत दर्ज की। अब क्वार्टरफाइनल में उनका सामना तीन बार की विश्व चैंपियन और चीनी जीएम हाउ यीफान से होगा। यह मुकाबला गुरुवार को खेला जाएगा।

भारत की एक अन्य प्रतिभागी आर. वैशाली पहले ही बाहर हो चुकी हैं। उन्हें पिछले हफ्ते अमेरिकी आईएम ऐलिस ली के हाथों 6-8 से हार का सामना करना पड़ा था।

विमेंस स्पीड चेस चैंपियनशिप एक ऑनलाइन नॉकआउट टूर्नामेंट है जिसमें 16 खिलाड़ी हिस्सा लेती हैं। इनमें आठ क्वालिफायर और आठ सीधे आमंत्रित खिलाड़ी होती हैं। कुल इनामी राशि 75,000 अमेरिकी डॉलर है, जिसमें विजेता को 7,000 डॉलर मिलेंगे।

See also  44 साल की अन्ना कुर्निकोवा फिर बनेंगी मां, पहले ही तीन बच्चों की हैं माता

पहले और क्वार्टरफाइनल राउंड में तीन सेगमेंट खेले जाते हैं—पहले 45 मिनट तक 5+1 गेम, फिर 30 मिनट तक 3+1 गेम और अंत में 15 मिनट तक 1+1 गेम। सेमीफाइनल और फाइनल में समय अवधि और बढ़ा दी जाती है। हर जीत पर एक अंक और ड्रॉ पर आधा अंक मिलता है।

पहले सेगमेंट के बाद दिव्या 3.5-0.5 से आगे थीं। दूसरे सेगमेंट के अंत तक उन्होंने बढ़त 7.5-1.5 कर ली और फिर अंतिम सेगमेंट 2.5-1.5 से जीतकर मुकाबला अपने नाम किया।