बिलासपुर में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दो युवक एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई करते नजर आ रहे हैं। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि पुराने पैसों के विवाद को लेकर युवक को बुलाकर उसके साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा।
पीड़ित के मुताबिक, 26 अगस्त की रात सन्नी बंजारे अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गोल बाजार से घर लौट रहा था। इसी दौरान विनित श्रीवास ने फोन कर उसे गणेश अस्पताल के पास बुलाया। वहां पहुंचते ही विनित श्रीवास और किशन ध्रुव ने पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद शुरू कर दिया। सन्नी का आरोप है कि दोनों युवकों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर हाथ-मुक्का, लाठी और बेल्ट से हमला कर दिया। वायरल वीडियो में दोनों युवक उसे लाठी और बेल्ट से पीटते दिखाई दे रहे हैं। मारपीट में उसके सिर और दोनों हाथों में चोट आई है।
आरोप है कि युवकों ने पत्नी के सामने उसके पति को लाठी-डंडे और बेल्ट से जमकर पीटा। पति को बचाने के लिए पत्नी बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट में पति के सिर और हाथ में चोट आई है, जबकि महिला को भी चोट लगने की बात सामने आई है। घटना के बाद मामले से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मारपीट की पूरी घटना दिखाई दे रही है।
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत पुराने पैसों के लेनदेन को लेकर हुई थी, जिसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने दंपत्ति के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद पीड़ित दंपत्ति सरकंडा थाने पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सामने आए वीडियो सहित अन्य तथ्यों के आधार पर घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।