यूपी के पीलीभीत से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी सास की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को भूसे के ढेर में जला दिया। भूसे के ढेर में हड्डियां और चूड़ियां मिलने के बाद साले ने अपने जीजा पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। हालांकि भूसे के ढेर में मिली हड्डियां किसकी हैं? इस बात का पता लगाने के लिए पुलिस ने हड्डियों को डीएनए परीक्षण के लिए भेजा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या की पुष्टि और शव की पहचान की जा सकेगी।
घटना अमरिया थाना क्षेत्र के जिठनिया गांव की है। सुरेश कुमार पुत्र नत्थू लाल ने थाना अमरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें कहा गया कि उसकी मां 65 वर्षीय मोहन देई गांव के बाहर काब्रिस्तान के पास बने अपने दूसरे मकान में रहती हैं। 31 जुलाई को उसका बहनोई महेंद्र पाल पुत्र पंचम लाल निवासी ग्राम हरहरपुर रात आठ बजे उसकी मां के पास आया था। रात में वह उन्हीं के घर पर रुका था। सुरेश के अनुसार उसकी बहन के मां के पास आने से उसका बहनोई महेंद्र नाराज रहता था। इसी कारण उसी रात मौका पाकर महेंद्र उसकी मां की हत्या कर दी और हत्या की जानकारी छिपाने के लिए शव को घर के बाहर बने एक बूगे (भूसे के ढेर) में रखकर जला दिया।
अगले दिन मां को न देखकर उसने काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं लग सकी। गुरुवार शाम जले हुए बूगे की राख हटाते समय उसकी मां की जली हुई हड्डियां और चूड़ी राख के ढेर में मिली। जिसके बाद मां की मौत का खुलासा हुआ। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि हड्डियों को डीएनए परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है। डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शव मोहन देई का है। रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों की विस्तृत विवेचना की जा रही है।