बिहार के समस्तीपुर जिले में बेटी के जन्म के बाद आयोजित छठी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक महिला की गोली लगने से मौत हो गई. यह पूरी वारदा हलई थाना क्षेत्र के चकलालशाही गांव की है. जहां मृतका की पहचान सूरज साहनी की पत्नी मंजुला कुमारी के रूप में हुई है. महिला के मायके वालों ने उसके पति सूरज साहनी पर गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है. सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
छठी समारोह महिला की हत्या
जानकारी के अनुसार घर के दरवाजे पर बेटी की छठी को लेकर भोज का आयोजन चल रहा था. वहीं, परिवार और आसपास के लोग समारोह में शामिल थे. इसी दौरान घर के अंदर मंजुला और उसके पति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. विवाद के दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी. इसके बाद परिजन और पास पडोस के लोग दौड़कर अंदर पहुंचे.
जैसे ही गोली की आवाज सुनकर लोग घर के अंदर पहुंचे तो मंजुला गंभीर रूप से घायल अवस्था में जमीन पर पड़ी थीं. इसके बाद परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल लेकर पहुंच गए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई. यहां सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिजनों में चीख पुकार मच गई.
भाई का आरोप- पहले भी दी जाती थी धमकी
मंजुला के भाई ने अपने बहनोई पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि सूरज साहनी पहले भी कई बार मंजुला को जान से मारने की धमकी दे चुका था. वहीं, परिवार के लोगों को भी कथित तौर पर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती थी. परिजनों के मुताबिक, घटना से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था. इसी दौरान सूरज पर मंजुला को गोली मारने का आरोप है. हालांकि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और मामला गोलीबारी तक कैसे पहुंचा, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
आरोपी पति की तलाश में पुलिस कर रही छापेमारी
वहीं, हत्या की सूचना मिलते ही हलई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इसके साथ ही घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी और परिवार के सदस्यों के बयान के आधार पर मृतका के पति पर हत्या का आरोप लगाया गया है. जहां परिजनों की शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सूरज साहनी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
पुलिस ने आरोपी पति सूरज साहनी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में इस्तेमाल हथियार कहां से आया और गोलीबारी के पीछे वास्तविक कारण क्या था. बेटी के जन्म के बाद जिस घर में छठी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं हुई इस वारदात से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. वहीं, इस हत्याकांड के के बाद गांव में भी सनसनी फैल गई है.