हरियाणा विधानसभा के सत्र की पहले दिन की कार्यवाही जारी, राज्यपाल बोले- 2 लाख नए युवाओं को नौकरी

हरियाणा
हरियाणा विधानसभा के सत्र की पहले दिन की कार्यवाही जारी है। इसमें सबसे पहले गवर्नर बंडारू दत्तात्रेय का अभिभाषण हुआ। इस दौरान गवर्नर ने ऐलान किया है कि CET पास अभ्यर्थियों को यदि नौकरी नहीं मिली तो 2 साल तक 9 हजार रुपए प्रति महीना मानदेय उसे सरकार देगी। इसके अलावा गवर्नर ने कहा कि प्रदेश के विधानसभा चुनाव के परिणाम से यह साफ हुआ कि लोगों को सरकार की नीतियां पसंद आईं।

इस सेशन में भाजपा के 23 और कांग्रेस के 13 विधायक नए हैं। इन्हें विधायी कार्यों की जानकारी के लिए प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण के लिए विधानसभा सचिवालय की ओर से शेड्यूल भी जारी किया गया था। नए 40 विधायकों में भाजपा-कांग्रेस के अलावा INLD के 2 और 2 निर्दलीय विधायक भी शामिल हैं।

पूर्व CM भूपेंद्र हुड्‌डा ने सदन में शोक प्रस्ताव पढ़ा। विधानसभा का सत्र 3 दिन चलेगा। 13 नवंबर को शुरुआत के बाद 14 और 18 नवंबर को सदन की कार्यवाही होगी। इसमें CM नायब सैनी 1.28 लाख कच्चे कर्मचारियों की 58 साल तक नौकरी सुनिश्चित करने के लिए जॉब सिक्योरिटी का विधेयक पेश करेंगे। इसके अलावा सीएम 2 बड़ी घोषणाएं भी कर सकते हैं।

See also  अपनों ने ठुकराया, योगी सरकार ने अपनाया तो जज बन सपने को किया साकार

बजट सत्र से पहले विधायकों को 2 दिवसीय सेशन होगा
शोक प्रस्ताव के बाद स्पीकर हरविंदर कल्याण ने बताया कि बजट सत्र से पहले विधायकों का 2 दिवसीय सेशन आयोजित किया जाएगा। स्पीकर ने बताया कि आज की कार्यवाही शाम 5 बजे तक बिना प्रश्नकाल के समाप्त होगी। 14 नवंबर को बैठक 11 बजे शुरू होगी। बिना प्रश्नकाल के शाम पांच बजे चलेगी। इसके अलावा अंतिम दिन 18 नवंबर को कार्यवाही सुबह 11 बजे कार्यवाही शुरू होगी।

हुड्‌डा बोले- कोई वादा पूरा नहीं हुआ
हरियाणा में अब तक नेता प्रतिपक्ष न चुने जाने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा है कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले कर्नाटक में भी बिना विपक्ष के नेता के सदन चल है। हमने अपना फैसला हाईकमान को भेज दिया है। अब जो भी फैसला करना है, उन्हें करना है। वहीं राज्यपाल के अभिभाषण पर पूर्व CM हुड्‌डा ने कहा कि जो वादे इन्होंने किए थे, उनमें कोई वादा पूरा नहीं हुआ है।

See also  हमने जो सपने देखे हैं, उनको पूरा किए बिना ना चैन है ना आराम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

खेलों का विकास शहर से गांवों तक होगा
गवर्नर ने कहा कि हरियाणा खेल में अपना नाम देश के साथ पूरे विश्व में रोशन कर रहा है। सरकार की नीतियों की वजह से ही हर बार होने वाले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। अब सरकार इसे शहरों से गांवों तक लेकर जाएगी। हर गांव में खेल नर्सरी और खेल के विकास के लिए 25 लाख रुपए सरकार के द्वारा दिए जाएंगे। गवर्नर ने कहा कि हमारा किसान ज्यादा से ज्यादा आत्मनिर्भर हो, इसे देखते हुए सरकार काम कर रही है। मेरी सरकार किसानों को लाभ देने के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है।

हरियाणा पहला राज्य जहां 24 फसलों की खरीद MSP पर
विधानसभा में अभिभाषण के दौरान गवर्नर ने कहा कि सरकार ने यह तय किया है कि खजाने से निकला हर पैसा लोगों के काम आए। गवर्नर ने कहा कि चुनाव से पहले जारी किए गए संकल्प पत्र को आधार बनाकर हमारी सरकार काम करेगी। हरियाणा का कृषि प्रमुख क्षेत्र है। हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है कि जहां MSP पर 24 फसलों की खरीद की जाती है। इस बार मानसून देरी के कारण फसल की लागत में बढ़ोतरी हुई। इस बार मेरी सरकार ने हर किसानों को इस घाटे से उबरने के लिए प्रति एकड़ 2 हजार रुपए देने का काम किया है।

See also  अखिलेश यादव की पार्टी का नया चुनावी गाना हुआ लॉन्च, आजम खान भी वीडियो में नजर आए

सरकार इन बिलों को कराएगी पास
1. हरियाणा संविदात्मक कर्मचारी (सेवा की सुनिश्चितता) विधेयक
2. हरियाणा सिख गुरुद्वारा (प्रबंधक) संशोधन विधेयक
3. हरियाणा नगरीय क्षेत्र विकास व विनियमन ( संशोधन) विधेयक
4. हरियाणा नगर निगम (संशोधन) के दो विधेयक
5. हरियाणा ग्राम शामलात भूमि ( विनियमन ) संशोधन विधेयक
6. हरियाणा पंचायती राज ( संशोधन) विधेयक