एक और देश में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए आए दिन सरकार नए-नए प्रयास कर रही है तो वहीं दूसरी तरफ बिहार से इसके उलट एक तस्वीर सामने आई है। बिहार के मोतिहारी में एक महिला और दो किशोरी को बांधकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है।
इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला और दो किशोरियों को मचान से बांधकर कुछ लोग पीटते नजर आ रहे हैं। साथ हीं पिटाई से जख्मी महिला और दोनो किशोरियों को इलाज के लिए स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया है।
जानकारी के मुताबिक यहां जिले की माली पंचायत से एक लड़की करीब हफ्तेभर पहले घर से भाग गई थी। बाद में लड़की के परिजन उसे खोज लाए। परिजनों को शक था कि लड़की को गांव की एक औरत ने भागने में मदद की है। इसी शक के आधार पर लड़की के भाइयों ने पहले अपनी बहन को रस्सी से बांधा और बाद में उस महिला और उसकी बेटी को उठाकर ले आए। इन दोनों को भी एक जगह बांधकर तीनों की खूब पिटाई की गई। दबंगों ने गांव के लोगों की मौजूदगी में ये पिटाई की। इस दौरान पिटाई का वीडियो भी बनाया गया। पिटाई से तीनों युवतियां बेसुध हो गईं।
घटना की जानकारी मिलते हीं सुगौली थानाध्यक्ष गांव पहुंचे और दोनो जख्मी किशोरियों के साथ महिला को इलाज के लिए सुगौली पीएचसी में भर्ती कराया, जहां उनलोगों का इलाज चल रहा है। वहीं, इस मामले में पीड़ित महिला के भाई ने थाने में आवेदन दिया है, जिसमे 11 लोगो को नामजद किया गया है। सुगौली थानाध्यक्ष अखिलेश मिश्रा ने बताया कि युवक के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। एफआईआर में 11 लोगों को नामजद किया है। एक आरोपित महिला को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।