CG : आंख में मिर्ची पाउडर डालकर डंडे से युवक की जमकर पिटाई, 2 आरोपी गिरफ्तार

बस्तर में आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर दो युवकों ने डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बस्तर थाना क्षेत्र के छापरभानपुरी गांव का है।

 

कुछ दिन पहले इच्छापुर गांव में लगे मेले के दौरान गांव के ही दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद हुआ और उसके बाद वहां मौजूद लोगों ने युवकों को शांत कराया। विवाद के कुछ दिन बाद बदला लेने के उद्देश्य से आरोपी देवा बघेल ने अपने एक अन्य साथी के साथ सूरज कश्यप नाम के युवक की आंख में मिर्ची पाउडर डालकर डंडे से उसकी जमकर पिटाई की, जिससे सूरज लहू लुहान हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया।

 

घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। घायल सूरज कश्यप के भाई छोटू कश्यप ने बस्तर थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। घटना के कुछ घंटे बाद फरार आरोपियों को बस्तर पुलिस ने धर दबोचा। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस के विभिन्न धारा के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड में लेकर जेल भेजा। आरोपियों ने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया कि सूरज कश्यप को जान से मारने की नियत से देवा बघेल और उसके साथी ने उस पर डंडे से प्राणघातक हमला किया था। हालांकि सूरज के साथ उसका एक अन्य साथी उदय भी मौजूद था, जिसने बीच बचाव किया और उससे भी आरोपी युवकों ने मारपीट की, जिससे उन्हें मामूली चोटें आई है।

See also  छत्तीसगढ़ लोडिंग वाहन की चपेट में आने से एक की मौत, हादसे के बाद चक्का जाम